छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 6,155 कर्मचारी ईपीएफ के दायरे में लाये गए, 6600 प्रक्रिया में

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On सितम्बर 30, 2026
1 min read • 1.2k views
ईईसी 2026

रायपुर, 30 सितंबर 2026 । कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा कर्मचारी नामांकन योजना (ईईसी) 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ शासन के साथ मिलकर व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम जयवदन इंगले ने बताया कि कर्मचारी नामांकन योजना-2026 एक विशेष अनुपालन अभियान है, जो 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक चल रहा है। इसके तहत नियोक्ता 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2026 के बीच ईपीएफ लाभ से वंचित पात्र कर्मचारियों का स्वैच्छिक रूप से नामांकन कर सकते हैं।

योजना के तहत नियोक्ताओं को महत्वपूर्ण वित्तीय राहत दी गई है। यदि पूर्व अवधि में कर्मचारी से उसका ईपीएफ अंशदान नहीं काटा गया था, तो कर्मचारी के हिस्से की राशि माफ की जा सकती है। साथ ही, भारी जुर्माने के स्थान पर केवल 100 रुपये का मामूली हर्जाना, जबकि नियोक्ता का अंशदान एवं निर्धारित ब्याज देय होगा। इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ शासन, राज्य सरकार के अब तक 105 ईपीएफ पंजीकरण किए जा चुके हैं और 6,155 कर्मचारियों के लिए ईपीएफ अनुपालन शुरू किया गया है।

इनमें समग्र शिक्षा विभाग के 3,557, महिला एवं बाल विकास विभाग के 126, लोक निर्माण विभाग के 2,180, जंगल सफारी, रायपुर के 275, सिकल सेल संस्थान के 17 कर्मचारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लगभग 2,600 तथा लोक निर्माण विभाग के लगभग 4,000 शेष पात्र कर्मचारियों को भी ईपीएफ के दायरे में लाने की प्रक्रिया जारी है।

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम जयवदन इंगलेने छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी एवं निजी प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर 2026 की समय-सीमा से पहले ईईसी 2026 का लाभ उठाएं और पात्र कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाएं। ईपीएफओ रायपुर द्वारा गठित विशेष टीम इस प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।

सरकारी विभागों के साथ विशेष अभियान

ईपीएफओ रायपुर द्वारा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत आकस्मिक एवं ठेका कर्मचारियों तथा ईपीएफ से वंचित पात्र कर्मचारियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष पहल की गई है। छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव द्वारा 15 दिसंबर 2025 को सभी संबंधित विभागों के सचिव एंव छत्तीसगढ़ शासन के समस्ता जिला कलेक्टररों को पात्र कर्मचारियों को ईपीएफ का लाभ दिलाने तथा ईईसी 2026 का उपयोग करने के निर्देश दिए गए थे। ईपीएफओ रायपुर ने इसके लिए एक विशेष टीम गठित की है, जो विभागों को ईपीएफ पंजीकरण, अनुपालन, ईपीएफ प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन तथा पात्र कर्मचारियों की पहचान में सहायता प्रदान कर रही है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।