Join US

कोरिया के कमलेश शर्मा चुने गए रेड क्रॉस सोसायटी के राज्य प्रतिनिधि

रायपुर, 9 जनवरी 2025। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की जिला कोरिया प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक में बैकुंठपुर निवासी कमलेश शर्मा को सर्वसम्मति से राज्य प्रतिनिधि के रूप में निर्विरोध चुना गया। यह बैठक कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में राज्य प्रतिनिधि पद के लिए कमलेश शर्मा का नाम सर्वसम्मति से प्रस्तावित किया गया, जिसे सभी सदस्यों ने सहर्ष स्वीकार किया। इस दौरान सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक असरफ अंसारी, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव, अध्यक्ष, चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, कोषाध्यक्ष सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में रेड क्रॉस शाखा प्रभारी ने संगठन की गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और आपदा प्रबंधन के लिए नई रणनीतियों की चर्चा की। रेड क्रॉस सोसायटी जिला कोरिया, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आपदा के समय तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए सतत प्रयासरत है।

कमलेश शर्मा के निर्विरोध चयन पर रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्यों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शर्मा के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से जिला और राज्य स्तर पर रेड क्रॉस की सेवाओं को नई ऊंचाई मिलेगी।

यह चयन जिला कोरिया के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन, और मानवीय सहायता में रेड क्रॉस सोसायटी की भूमिका को और अधिक मजबूत बनाएगा।