रायपुर, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानि एआई का उपयोग करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव की प्रेस कांफ्रेंस में विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि विभाग जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की एक कार्यशाला आयोजित करेगा। इस कार्यशाला में देशभर के एआई विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यशाला में प्रदेश के सभी शिक्षकों को भी शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। एआई विशेषज्ञ और शिक्षकों के बीच हुए संवाद से निकले निष्कर्ष के आधार पर क्या करना है, यह तय किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह ने यह भी बताया कि एआई आधारित विद्या समीक्षा केंद्र यानि वीएसके की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से शासन की योजनाओं की आनलाइन मानिटरिंग की जाएगी।
उन्होंने पाठ्य-पुस्तकों के वितरण की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी। पाठ्य पुस्तक वितरण की ट्रैकिंग बारकोड के आधार पर की जाएगी।
