Join US

रायपुर में 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नर प्रणाली का फैसला

रायपुर, 31 दिसंबर 2025। नये साल 2026 में रायपुर में पुलिस की कार्यशैली में बड़ा परिवर्तन होने जा रहा है। यहां 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू हो जाएगी। वर्ष 2025 के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ सरकार ने राजधानी रायपुर के लिए एक अहम प्रशासनिक निर्णय लेते हुए पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सरकार के निर्णय के अनुसार रायपुर महानगरीय पुलिस जिला क्षेत्र में पुलिस आयुक्त प्रणाली 23 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। इसे राजधानी में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

राज्य सरकार के अनुसार पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने से अपराध नियंत्रण, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। इस व्यवस्था के तहत पुलिस आयुक्त को कानून-व्यवस्था से जुड़े कई अहम प्रशासनिक अधिकार प्राप्त होंगे, जिससे उन्हें मजिस्ट्रेटी शक्तियां भी मिलेंगी। इससे किसी भी आपात स्थिति या संवेदनशील मामले में तुरंत निर्णय लेना आसान होगा और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में लगने वाला समय भी कम होगा।

रायपुर एक तेजी से बढ़ता महानगर है, जहां आबादी के साथ-साथ यातायात, साइबर अपराध, संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में पुलिस कमिश्नर प्रणाली से पुलिस को अधिक स्वायत्तता और जिम्मेदारी मिलेगी, जिससे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे पहले देश के कई बड़े महानगरों जैसे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और भोपाल में यह व्यवस्था सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है।

सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। अपराधों की जांच में तेजी आएगी और आम जनता को भी सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित राहत मिलेगी। खास तौर पर महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और बड़े आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में यह प्रणाली प्रभावी साबित होगी।