छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के युवाओं को कुशल बनाने निशुल्क ट्रेनिंग देगी टीसीएस

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 9, 2026
1 min read • 1.2k views
छत्तीसगढ़ के युवाओं को कुशल बनाने निशुल्क ट्रेनिंग देगी टीसीएस

रायपुर, 9 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के उन युवाओं के लिए अच्छी खबर है जो तकनीकी रुप से दक्ष होने के लिए ट्रेनिंग लेने की तैयारी कर रहे हैं। अब यहां के युवाओं को देश की प्रसिद्ध टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानि टीसीएस यह ट्रेनिंग देने जा रही है।

टीसीएस के अधिकारियों ने 9 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री ​विष्णुदेव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ शासन के साथ एमओयू किया। सबसे अच्छी बात है कि टीसीएस यह ट्रेनिंग निशुल्क प्रदान करेगी। एमओयू के इस मौके पर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे।

एमओयू के मौके पर बताया गया कि टीसीएस की टीम प्रदेश के इंजीनियरिंग महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान करेगी। यह प्रशिक्षण कंपनी की कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के अंतर्गत निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और उद्योगों में उपयोग होने वाले व्यावहारिक कौशल की जानकारी प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने टीसीएस कंपनी की इस पहल की सराहना की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल शैक्षणिक योग्यता तक सीमित न रखते हुए उन्हें आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी कौशल से सशक्त बनाना है।

आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में पुराने एवं अप्रासंगिक पाठ्यक्रमों की समीक्षा कर नए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जा रहे हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और आधुनिक तकनीक से संबंधित पाठ्यक्रमों को शामिल किया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नई तकनीकों की जानकारी और व्यावहारिक दक्षता प्राप्त होगी। इससे वे बदलते औद्योगिक परिवेश में रोजगार की नई संभावनाओं का लाभ उठा सकेंगे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।