रायपुर के चंडी नगर लाभांडी में सूने घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी

रायपुर, 9 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने लाभांडी के चंडी नगर में एक सूने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये का कीमती सामान पार कर दिया। घटना 8/9 जुलाई की रात्रि की है।

जानकारी के मुताबिक मुहल्ले के केशरी वर्मा और रामेश्वर वर्मा, दोनों सगे भाई हैं। दोनों भाईयों का परिवार एक ही घर में रहता है। 8 जुलाई 2026 को दोनों का परिवार रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गये थे। दूसरे दिन 9 जुलाई की सुबह घर लौटकर आये तो घर का नजारा देख हतप्रभ हो गये।

घर के दरवाजे में लगा ताला टूटा था और संदूक व आलमारी में रखे कीमती जेवरात व अन्य सामान गायब थे। घर से कुछ दूर पर सड़क पर टूटा ताला और जेवरात रखने वाली डिब्बी, पर्स आदि सामान पड़े मिले। रामेश्वर वर्मा ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों की दी तो पूरे मुहल्ले में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी पीडि़त परिवार ने खम्हारडीह थाने पर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सूने मकान में चोरी होने की घटना से मुहल्ले के लोग दहशत में हैं।