Join US

गुरु पूर्णिमा पर अनुपम गार्डन में योगाचार्यों का हुआ सम्मान

रायपुर, 30 जुलाई 2026। पतंजलि योग समिति, अनुपम गार्डन रायपुर में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर अपने गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। पूरा परिसर जय गुरुदेव और तस्मै श्री गुरवे नम: के जयघोष से गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना और चरण वंदन से हुई। साधकों ने योगाचार्य छबिराम साहू को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर योग शिक्षक जे.पी. साहू, विश्राम यादव, ढालचंद जैन एवं वर्षा जैन का भी शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। समारोह में वरिष्ठ योगाचार्य छबिराम साहू का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष अभिनंदन किया गया। वे भारतीय शिक्षा बोर्ड छत्तीसगढ़ के राज्य प्रभारी, पतंजलि योग समिति के पूर्व सह-राज्य प्रभारी तथा डाइट रायपुर के सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक रह चुके हैं।

वक्ताओं ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों का मार्गदर्शक माना गया है। गुरु पूर्णिमा का पर्व इसी परंपरा को सशक्त बनाने और गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का अवसर है। उल्लेखनीय है कि अनुपम गार्डन में वर्ष 2012 से नियमित रूप से नि:शुल्क योग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।

योगाचार्य छबिराम साहू के मार्गदर्शन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में साधक योगाभ्यास कर रहे हैं और अनेक लोगों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ है। करे योग, रहे निरोग और योग करेंगे, रोज करेंगे के संकल्प के साथ साधक नियमित योगाभ्यास करते हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भजन-कीर्तन और गुरुवाणी का भी आयोजन किया गया।

छबिराम साहू ने सभी साधकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योग, अनुशासित जीवन और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना, जय गुरुदेव के उद्घोष और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। सभी साधकों ने अपने गुरु का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।