• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज ने की टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की गिरफ्तारी की मांग
छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज ने की टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की गिरफ्तारी की मांग

छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज ने की टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की गिरफ्तारी की मांग

रायपुर, 5 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की गिरफ्तारी की मांग की है। शुक्रवार 5 सितंबर को छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज के पदाधिकारी रायपुर प्रेस क्लब पहुंचे और पत्रकार वार्ता की। छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अपने स्वयं के राजनैतिक लाभ के लिए पश्चिम बंगाल के कुछ टीएमसी नेता बार बार बंग समाज के अस्मिता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। यह बात किसी भी हालत में छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज को मंजूर नहीं है। इसके विरोध में हर स्तर पर समाज के साथी आंदोलन के लिए तैयार हैं।

सदा सर्वदा से ही बंग समाज को छत्तीसगढ़ में विशेष सम्मान मिलते आया है। यहां 100 साल से भी ऊपर हो गए बंग समाज के लोगों को निवास करते हुए। आज यहां बंग समाज के ऐसे साथी भी जिनकी तीसरी-चौथी पीढ़ी जीवन यापन कर रही है। कमोबेश सम्पूर्ण भारत देश के हर प्रदेशों में यही वर्तमान परिदृश्य है। बंग समाज को लेकर, क्योंकि एक समय पर पश्चिम बंगाल में ही डाक्टरी, इंजीनियरिंग व क़ानून के पेशेवर मौजूद थे जिन्हे तत्कालीन राजाओं ने या अंग्रेजों ने समाज के सेवा हेतु अलग अलग प्रदेशों में बसाया था।

बंग समाज को पूरे देश में स्वतंत्रता संग्राम में किए गए उसके बलिदान के लिए जाना जाता है। जिस बात का गर्व हर बंग समाज के सदस्य को है और ताउम्र रहेगा। स्वामी विवेकानंद, गुरु रबीन्द्रनाथ, नेताजी सुभाष जैसे न जाने कितने मनीषियों ने बंगाल के भूमि में जन्म लेकर भारत माता की सेवा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हमारे समाज को न केवल देश में अपितु सम्पूर्ण विश्व में गौरवान्वित किया। रायपुर तो वो भूमि है जिसमे आज भी स्वामी विवेकानंद जी के बिताये हुए अपने जीवनकाल के समय को स्वर्णिम माना जाता है। सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ स्वयं अपने आप को इस बात के लिए धन्य मानती है।

विज्ञान, कला, संगीत, चिकित्सा, साहित्य के लिए जाना जाने वाला समाज आज आतंकित और आहत है। महुआ मोइत्रा जैसे राजनेताओं की ओछी हरकतों से जिसमे वो हर कदम पर इस समाज के ख़िलाफ़ अपने राजनैतिक स्वार्थ और लाभ के लिए षड्यंत्र कर रही है। पिछले दिनों जब जब बांग्लादेशी होने के शक पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों पर कारवाही की तब तब महुआ मोइत्रा ने छत्तीसगढ़ पुलिस के ख़िलाफ़ अभद्र टिप्पणियां की, वो यहां भी नहीं रुकी और देश के गृह मंत्री के सर को काटकर प्रधानमंत्री के मेज़ पर रखने तक की बात कह डाली।

छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज के आह्वान पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर माना थाने में एफआईआर दर्ज करवाया गया है ताकि ऐसी गंदी राजनीति का तत्काल प्रभाव से रोकथाम हो सके। इस कार्रवाई की मंशा यह भी है कि छत्तीसगढ़ या अन्य सभी प्रदेशों में बंग समाज के ख़िलाफ़ इस तरह की राजनीति के कारण कोई वैमनस्यता ना ऊपज़ पाये। इस तरह की राजनीति करने वालो को भी कानूनन दायरे में लाकर सज़ा दिलवाया जा सके।

आज राजनैतिक लाभ के लिए बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी टीएमसी के कुछ नेता पूरे देश में बांग्लाभाषी और बांग्लादेशी के बीच के फ़र्क़ को मिटाना चाहते है, ताकि अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ के माध्यम से वो अपने वोटबैंक की राजनीति की क़िलाबंदी कर सके और भविष्य में भी बंगाल की सत्ता में क़ाबिज़ रह सके।

बांग्लाभाषी और बांग्लादेशी के इस फ़र्क़ को मिटाने में यह नेता इतने मशगूल हो गए है कि यह इस बात को समझने में नाकाम है कि पश्चिम बंगाल के बाहर भी 3 करोड़ बंग समाज के नागरिक- वर्षों से शांतिपूर्ण ढंग से निवास कर रहे हैं। जिनके लिए हर दिन महुआ मोइत्रा जैसे नेता जोखिम और खतरा पैदा करते जा रही है। आज छत्तीसगढ़ सर्व बंग समाज ऐसे राजनीतिविदों की घोर निंदा करती है और छत्तीसगढ़ सरकार से मांग करती है की माना थाने में दर्ज हुए एफआईआर पर तत्काल कार्रवाई करते हुए महुआ मोइत्रा की गिरफ्तारी करके कोर्ट के सामने प्रस्तुत करे।

इस मौके पर सुब्रत चाकी, गोपाल सामंतों, तन्मय चटर्जी, निरंजन विश्वास, विवेक बर्धन, शिव दत्ता, रूमा सेनगुप्ता, सुचित्रा बर्धन, सुबीर शाहा, बापी राय प्रमुख रुप से उपस्थित रहे।