• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ में गणपति बप्पा को 750 ग्राम सोने और भगवान सांवरिया सेठ को 3 किलो चांदी का मुकुट भक्तों ने किया भेंट
छत्तीसगढ़ में गणपति बप्पा 750 ग्राम सोने और भगवान सांवरिया सेठ को 3 किलो चांदी का मुकुट भक्तों ने किया भेंट

छत्तीसगढ़ में गणपति बप्पा को 750 ग्राम सोने और भगवान सांवरिया सेठ को 3 किलो चांदी का मुकुट भक्तों ने किया भेंट

रायपुर, 28 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ में गणपति बप्पा को भक्तों ने 750 ग्राम सोने का मुकुट भेंट किया है। साथ ही भगवान सांवरिया सेठ को 3 किलो चांदी का मुकुट अर्पित किया है। गणेश चतुर्थी पर राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध गोल बाजार स्थित श्री सार्वजनिक हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सौजन्य और श्री बजरंग नवयुवक गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में स्थापित पंडाल में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश सहित राधा कृष्ण और सांवरिया सेठ की नयनाभिराम देव विग्रहों का पूजन उत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान गणपति बप्पा को नवरत्न जड़ित 750 ग्राम सोने का मुकुट भक्तों ने अर्पित किया। वहीं जयपुर के सुप्रसिद्ध सांवरिया सेठ भगवान को भक्तों ने तीन किलो चांदी भेंट की। 135 साल पुरानी इस गणेश उत्सव समिति के पूजन उत्सव की परंपरा चली आ रही है।

गणेश पूजन उत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह और विशिष्ट अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। इस मौके पर अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री गणेश और अन्य देव विग्रहों का विधि विधान से दिव्य पूजन अर्चन किया। साथ ही भक्तों द्वारा अर्पित किए गए सोने के मुकुट को श्री गणपति बप्पा को को चढ़ाया। इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल व रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील सोनी ने भी विधि विधान से दर्शन पूजन और आरती की। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था।

इस पूजन उत्सव का संचालन करते हुए छत्तीसगढ़ सहकारी मर्यादित बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने अतिथियों का और कार्यक्रम संपन्न करने वाले पूजन उत्सव के समितियों के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह पूजन उत्सव 1885 से संचालित है। एक समय इसी गोल बाजार बाजार में आयोजित होने वाले इस गणेश उत्सव को देखने के लिए प्रदेश के दूर दराज से आए भक्तों की भारी भीड़ रहती थी। तब उसे समय 5 किलोमीटर लंबी भक्तों की कटारे लगा करती थी। समय के साथ इस पूजन उत्सव पंडाल का दायरा अब छोटा हो गया है। लेकिन भक्तों की आस्था और श्री गणेश के विराट आशीर्वाद का प्रभाव लोगों के हृदय में बसा हुआ। इस अवसर पर श्री हनुमान मंदिर के पुजारी आकाश मिश्रा के आचार्यत्व में श्री गणेश के प्रथम दिन का पूजन सम्पन्न हुआ।