रायपुर, 10 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ में शहीदों की स्मृति में सिंदूर के 501 पेड़ रोपित किये जाएंगे। यह आयोजन राज्य के महासमुंद जिले के दुर्गापाली गांव में होगा। दुर्गापाली गांव रायपुर उत्तर के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्र की जन्मस्थली है।
विधायक पुरंदर मिश्र ने मीडिया को बताया कि यह आयोजन 11 अगस्त 2025 को दोपहर 2 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक संपत अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष ऐतराम साहू सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
यह कार्यक्रम एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 501 सिंदूर के पेड़ लगाए जाएंगे। इस आयोजन का उद्देश्य पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि शहीदों की स्मृति को जीवंत रखने के साथ-साथ यह पहल समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा।













