कोलकाता, 7 मई 2026। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को चुनाव में दोनों सीटों से हराने वाले भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ दत्त की हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक मध्यमग्राम इलाके में 6 मई की रात भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए को गोली मारी गयी। हमलावरों ने उनकी कार को रोककर बेहद करीब से फायरिंग की और कम से कम 4 गोलियां चलाई गईं।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस वारदात के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। बताया गया कि चंद्रनाथ दत्त अपनी कार से जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू किया।
जैसे ही उनकी कार धीमी हुई, हमलावरों ने अचानक गोली मारना शुरू कर दिया। दत्त के सीने और सिर में गोली लगने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अब हमलावरों की पहचान और वारदात की वजह पता लगाने में जुटी हुई है।
घटना के बाद अस्पताल के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक हमलावरों की संख्या और पूरी घटना का क्रम साफ नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब पश्चिम बंगाल में हाल के विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल पहले से ही काफी गर्म बना हुआ है।
भाजपा की बड़ी जीत के बाद राज्य में कई हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दत्त की हत्या के बाद राजनीतिक तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।