प्रतापगढ़, 7 मई 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में इंस्पेक्टर पद पर तैनात श्रीमती नमिता सिंह को डीएसपी पद पर प्रोन्नति प्रदान की गयी है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने श्रीमती नमिता सिंह को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नति प्राप्त होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी।
इंस्पेक्टर श्रीमती नमिता सिंह महिला सहायता प्रकोष्ठ में कार्यरत हैं। पुलिस अधीक्षक श्री भूकर ने उनके कंधे पर सिल्वर स्टार लगाकर उन्हें इस नई उपलब्धि की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय भी उपस्थित रहे और पदोन्नत अधिकारी को सफल कार्यकाल हेतु अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
श्रीमती नमिता सिंह वर्तमान में महिला सहायता प्रकोष्ठ में महिला निरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के क्षेत्र में उनके कार्यों की सराहना होती रही है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि पदोन्नति के साथ उत्तरदायित्व भी बढ़ जाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ जनसेवा का कार्य जारी रखेंगी।