रायपुर, 5 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राडा आटो एक्सपो में रिकॉर्ड 54 हजार से ज्यादा वाहनों की बिक्री का रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। शहर क श्रीराम बिजनेस पार्क में यह आयोजन रायपुर आटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ने किया था।
गुरुवार 5 फरवरी को प्रदेश के परिवहन मंत्री केदार कश्यप के आतिथ्य में भव्य समापन हुआ। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दी गई रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट के चलते इस बार रिकॉर्ड 54 हजार से ज्यादा वाहनों की बिक्री हुई है। राडा के पदाधिकारियों ने बताया कि अब तक हुए आटो एक्सपो में इस बार सर्वाधिक वाहनों की बिक्री हुई है।
लक्ष्य से भी ज्यादा हासिल करने की खुशी
राडा के अध्यक्ष रविन्द्र भसीन, राडा के उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी, राडा के सचिव विवेक अग्रवाल, राडा के कोषाध्यक्ष मुकेश सिंघानिया, कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन अमर पारवानी, फाडा के पूर्व अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया, राडा के पूर्व अध्यक्ष एवं फाडा छत्तीसगढ़ चेप्टर के अध्यक्ष विवेक गर्ग, फाडा छत्तीसगढ़ चेप्टर के पूर्व अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, राडा के पूर्व अध्यक्ष जयेश पिथालिया, शशांक शाह का कहना है कि 50 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य लेकर चले थे, लेकिन हम न सिर्फ इस लक्ष्य को हासिल किए बल्कि इससे आगे भी बढ़े हैं। हमें इस बात की बेहद खुशी है।
रात तक होता रहा रजिस्ट्रेशन
राडा आॅटो एक्सपो के अंतिम दिन गुरुवार को दिनभर वाहनों की डिलीवरी होती रही। एक्सपो स्थल की बजाय ग्राहक सीधे डीलर्स के शोरूम पहुंचे। शोरूम में खरीदारी फाइनल करने के बाद में गाड़ी एक्सपो स्थल में रजिस्ट्रेशन के लिए आई जहां पर परिवहन विभाग का कार्यालय खुला हुआ है।
एक ही जगह मिली सभी सुविधाएं
राडा आॅटो एक्सपो स्थल पर एक ही छत के नीचे ग्राहकों को सभी सुविधाएं मिली। एक्सपो स्थल पर अस्थायी आरटीओ कार्यालय बनाया गया। यहां पर वाहनों के 100 ब्रांड के 300 से ज्यादा स्टॉल लगे थे जहां ग्राहकों को अपने मनपसंद वाहन चुनने का अवसर मिला।
परिवहन मंत्री का आभार जताया
एक्सपो में राडा के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के परिवहन मंत्री केदार कश्यप का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर श्री कश्यप ने राडा के पदाधिकारियों को सफलतापूर्वक आयोजन और रिकॉर्डतोड़ वाहन बिक्री के लिए बधाई दी। राडा के पदाधिकारियों ने भी रोड टैक्स में छूट के लिए आभार जताया।
50 फीसदी छूट के लिए मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
राडा के अध्यक्ष रविन्द्र भसीन, उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी, सचिव विवेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश सिंघानिया और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने राडा एक्सपो में 50 फीसदी रोड टैक्स में छूट दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को धन्यवाद दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि छूट के कारण ग्राहकों को ज्यादा बचत हुई और उन्होंने उत्साह से वाहन खरीदी की।














