रायपुर, 8 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ के डोंगरगांव नगर की साक्षी जैन ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर नगर का नाम रोशन किया है। साक्षी, जिनके पिता कीर्ति कुमार जैन और माता मंजुषा जैन हैं, ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। साक्षी शुरू से ही मेधावी रही हैं और उन्होंने अपनी प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा राजनांदगांव के नीरज पब्लिक स्कूल से पूरी की। उनकी इस सफलता के पीछे उनके मार्गदर्शक विनोद सदानी का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके प्रति साक्षी ने आभार व्यक्त किया।
साक्षी ने सीए की तैयारी रायपुर के प्रतिष्ठित एक्सल कॉलेज से की। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 7 से 8 घंटे तक नियमित रूप से पढ़ाई करती थीं। इस अनुशासित दिनचर्या और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने सीए जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता अर्जित की। साक्षी के पिता कीर्ति कुमार जैन डोंगरगांव में ‘जय जिनेंद्र’ के नाम से एक प्रतिष्ठित किराना व्यवसायी हैं।
साक्षी की इस उपलब्धि पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनके दादा जिनेंद्र जैन, बड़े पापा गिरिश जैन, चाचा मनीष जैन सहित सभी परिजनों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। साक्षी की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे डोंगरगांव के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि ने अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का काम किया है। साक्षी का कहना है कि वे भविष्य में भी कड़ी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्यों को हासिल करती रहेंगी।













