छत्तीसगढ़

सालेम इंग्लिश स्कूल ने ईको रिदम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जून 6, 2025
1 min read • 1.2k views
सालेम इंग्लिश स्कूल ने ईको रिदम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर, 6 जून 2025। सालेम इंग्लिश स्कूल, रायपुर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम ‘ईको रिदम’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवनिर्मित लोकमाता देवी अहिल्या बाई स्टेज का उद्घाटन राइट रेव. सुषमा कुमार, बिशप डायोसीस आफ छत्तीसगढ़, सी.एन.आई. द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रेव. असीम पी. विक्रम, प्रेसबीटर इंचार्ज, संत पॉल्स चर्च, सी.एन.आई. की प्राथर्ना के साथ हुआ, जिसने समारोह में आध्यात्मिक माहौल का संचार किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए ‘छत्तीसगढ़ डांस तरी हरि ना’ की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।

इसके पश्चात अब्दुल रजिक ने छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। गायक राकेश शर्मा ने ‘रिमझिम गिरे सावन’ सहित अन्य लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गायिका निशा शर्मा ने ‘ऊंचा सा कोई एकतारा’ गीत के माध्यम से दर्शकों का दिल जीता, वहीं समीर खान की प्रस्तुति ने भी सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

पर्यावरण का क्या है महत्व

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया। पर्यावरण सलाहकार श्रीमती नीलम सिंग ने अपने संबोधन में पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, यदि इस धरती से मात्र पांच सेकंड के लिए आॅक्सीजन रोक दी जाए, तो सारे मकान ढह जाएंगे, धरती खिसक जाएगी और हम बहरे हो जाएंगे। उन्होंने सभी से कम से कम एक पेड़ लगाने और उसकी सुरक्षा करने का आह्वान किया। उनके इस संदेश ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ डायोसीस की बिशप राइट रेव. श्रीमती सुषमा कुमार, वाइस प्रेसिडेंट नितिन लॉरेंस, सेक्रेटरी सी.डी.बी.ई. जयदीप रॉबिन्सन, रेव. सुभोध कुमार, रेव. पी. विक्रम, प्रेसबीटर इंचार्ज, संत पॉल्स चर्च, और मनशीष केजू जैसे गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। यह समारोह सालेम इंग्लिश स्कूल की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती रूपिका लॉरेंस के कुशल निर्देशन में आयोजित किया गया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।