विदेश

साने ताकाइची बनेंगी जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 4, 2025
1 min read • 1.2k views
साने ताकाइची बनेंगी जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री

टोक्यो, 4 अक्टूबर 2025। जापान की पूर्व आर्थिक मंत्री साने तकाइची अब जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनेंगी। सत्तारूढ़ पार्टी ने शनिवार को साने ताकाइची को अपना नया नेता चुन लिया। इसके साथ ही उनके देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। ताकाइची ने सत्ताधारी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा कराए गए अंतर-दलीय मतदान में कृषि मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी को हराया, जो पूर्व प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइजुमी के बेटे हैं।

64 वर्षीय साने ताकाइची, पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर की प्रशंसक हैं। वह जापान के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के रूढ़िवादी दृष्टिकोण की समर्थक मानी जाती हैं। लिबरल डेमोक्रेट्स पार्टी एक पुरुष प्रधान पार्टी है और ताकाइची इस पार्टी की पहली महिला अध्यक्ष हैं। ताकाइची साल 1993 में पहली बार अपने गृहनगर नारा से सांसद चुनी गईं थीं। उन्होंने आर्थिक सुरक्षा, आंतरिक मामलों और लैंगिक समानता मंत्री सहित कई अहम सरकारी पदों पर काम किया है। ताकाइची एक मजबूत सेना, सैन्य खर्च बढ़ाने, परमाणु संलयन को बढ़ावा देने, साइबर सुरक्षा और आव्रजन पर सख्त नीति की समर्थक हैं। ताकाइची शाही परिवार में केवल पुरुषों के उत्तराधिकार की समर्थक हैं, वे समलैंगिक विवाह का विरोध करती हैं और 19वीं सदी के नागरिक कानून में संशोधन का विरोध करती हैं।

अक्तूबर के मध्य में संसदीय मतदान की संभावना

जापान में अक्तूबर के मध्य में संसदीय मतदान होने की संभावना है। संसदीय मतदान में ताकाइची अगर पीएम चुन ली जाती हैं तो वे शिगेरु इशिबा की जगह लेंगी, जिन्होंने सितंबर में पीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। जुलाई में जापानी संसद के उच्च सदन में सत्ताधारी एलडीपी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद पार्टी में इशिबा का विरोध बढ़ गया और उन्होंने इस्तीफा दे दिया। पार्टी का अध्यक्ष बनने की रेस में साने ताकाइची के अलावा कृषि मंत्री शिंजिरो कोइजुमी, मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी, व्यापार मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी और आर्थिक मंत्री ताकायुकी कोबायाशी भी शामिल थे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।