रायपुर, 7 मार्च 2026। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करते हुए शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष श्वेता ठाकुर के नेतृत्व में उरकुरा, रायपुर में 2 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक सिलाई प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
एक माह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र की कई महिलाओं ने भाग लेकर सिलाई से संबंधित विभिन्न तकनीकों को सीखा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कपड़ों की कटिंग, सिलाई, डिजाइनिंग और छोटे स्तर पर स्वरोजगार शुरू करने से जुड़ी जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि वे अपने कौशल के बल पर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं।
संस्था की अध्यक्ष श्वेता ठाकुर ने बताया कि शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन लगातार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। इसी कड़ी में अप्रैल माह में रायपुर के गो गांव में भी सिलाई प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
संस्था का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाना है, जिससे वे समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकें।















