• Home
  • छत्तीसगढ़
  • खैरागढ़ में कलाकारों की दुनिया ने प्रतिभाशाली महिलाओं का किया सम्मान
खैरागढ़ में कलाकारों की दुनिया ने प्रतिभाशाली महिलाओं का किया सम्मान

खैरागढ़ में कलाकारों की दुनिया ने प्रतिभाशाली महिलाओं का किया सम्मान

खैरागढ़, 9 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक संस्था “कलाकारों की दुनिया” द्वारा 6 से 8 मार्च तक स्टूडियो परिसर में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की प्रतिभाशाली महिलाओं, कलाकारों व स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया गया।

पहले दिन 6 मार्च, शुक्रवार को आयोजित खैरागढ़ के रत्न कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक चिकित्सक डॉ. आकांक्षा सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य व सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए।

दूसरे दिन 7 मार्च, शनिवार को संस्था के साप्ताहिक सांगीतिक कार्यक्रम “सुरीला शनिवार” के अंतर्गत महिला गायिकाओं की प्रस्तुति हुई। इस अवसर पर नगर की प्रसिद्ध गायिका सुनीता गंगराले, इंदिरा चंद्रवंशी (शिक्षिका व लोक कलाकार) तथा रीना भगत (प्रधानपाठक व लोक गायिका) ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

तीसरे दिन 8 मार्च, रविवार को स्वच्छता दीदियों व सशक्त एवं आत्मनिर्भर महिलाओं के सम्मान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सुमन पटेल (पार्षद व पूर्व महिला बाल विकास सभापति), श्रीमती हरप्रीत कौर सुरी (डायरेक्टर, ब्राइट स्पार्क एकेडमी स्कूल), श्रीमती सरस्वती यदु (समाजसेवी, जनपद सदस्य) तथा शबाना बेगम (समाजसेवी, सदस्य निर्मल त्रिवेणी महाअभियान) उपस्थित रहीं।

अतिथियों के करकमलों से जयश्री ताम्रकार, उर्मिला यादव, स्वच्छता दीदियों सावित्री गौकर, प्रभा भोंडेकर, फूलबाई पटेल, ललिता यादव, सरोज सारथी (सिविल अस्पताल खैरागढ़), नीरू निषाद (गढ़कलेवा), सेवा निवृत्त स्वास्थ्य सहायिका ढेलाबाई यादव तथा एकता यादव (शिक्षिका, ब्राइट स्पार्क एकेडमी स्कूल) को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुनीता गंगराले ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा संस्थापक सदस्य सावन सोनी, प्रदीप अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल व किशोर सोनी ने तैयार की, जबकि आभार प्रदर्शन रूप कुमार यदु ने किया। कार्यक्रम में जिला पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष याहया नियाजी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर दयाराम पटेल, पत्रकार सन्नी यदु सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।