प्रतापगढ़, 29 अक्टूबर 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में साइबर ठगों का जाल फैला हुआ है। सावधानी हटी और दुर्घटना घटी की तर्ज पर ये साइबर ठग मौका मिलते ही नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के मार्गदर्शन में पुलिस ने ऐसे 53 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इन साइबर अपराधियों ने 19 राज्यों में लगभग ₹500 करोड़ की मनी ट्रेल की थी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में नोडल अधिकारी साइबर/अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने इसका पर्यवेक्षण किया। परिणामस्वरुप साइबर अपराधों की रोकथाम तथा साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई है।
जनपद प्रतापगढ़ के विभिन्न थानों पर 18 अप्रैल से 27 अक्टूबर 2026 तक साइबर अपराध से संबंधित पंजीकृत अभियोगों में कार्रवाई की गयी। इस दौरान कुल 53 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों से संबंधित साइबर शिकायतें देश के 19 राज्यों से जुड़ी हैं। उक्त प्रकरणों में लगभग ₹500 करोड़ की मनी ट्रेल सामने आई है। प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराध से संबंधित अभियोगों में उपलब्ध साक्ष्यों एवं प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है।
कार्यवाही के प्रमुख बिंदु
➡️ कुल गिरफ्तार अभियुक्त: 53
➡️ साइबर शिकायतों से संबंधित राज्य: 19
➡️ मनी ट्रेल: लगभग ₹500 करोड़
➡️ कार्रवाई की अवधि: 18.04.2026 से 27.10.2026
➡️ कार्रवाई का क्षेत्र: जनपद प्रतापगढ़ के विभिन्न थानों पर पंजीकृत साइबर अपराध से संबंधित अभियोग।
पुलिस की आमजन से अपील
प्रतापगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर भरोसा करने तथा लालच में आकर धनराशि हस्तांतरित करने से बचें।
यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी अथवा वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल https://www.cybercrime.gov.in/ पर शिकायत करें।
