यूपी

प्रतापगढ़ जिले में व्यापारी जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़क और नाली पर अतिक्रमण की समस्या से परेशान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अगस्त 1, 2026
1 min read • 1.2k views
8842631

प्रतापगढ़, 1 अगस्त 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में व्यापारी जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़क और नाली पर अतिक्रमण की समस्या से प्रभावित हैं। व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारी प्रतिनिधियों ने इन मामलों को प्रमुखता से उठाया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों तथा नगर क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में औद्योगिक आस्थान सुखपालनगर के उद्यमियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के बाहर निर्मित नाले की ऊंचाई अधिक होने के कारण वर्षा का पानी औद्योगिक परिसर से बाहर नहीं निकल पा रहा है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उद्यमियों ने औद्योगिक आस्थान की क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि उद्योगों के संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र की विद्युत फीडर लाइन पर पेड़ों की शाखाएं बाधा बनने की शिकायत पर विद्युत विभाग को वृक्षों की कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार उद्योग बन्धु की बैठक अन्य समस्याओं के सम्बन्ध में समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। व्यापार बन्धु की बैठक में व्यापार मण्डल अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने मार्ग चौड़ीकरण के दौरान हटाए गए पिंक शौचालय के स्थान पर पुनः व्यवस्था कराने की मांग पर अधिकारियों ने अवगत कराया कि रजत पैलेस रोड स्थित जीजीआईसी कॉलेज के समीप नए पिंक शौचालय के निर्माण के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

व्यापारियों ने भरत चौक से जेल रोड तक प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या का भी मुद्दा उठाया। इस पर नगर पालिका परिषद बेल्हा के अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। बैठक में आजाद पार्क (श्रीराम तिराहा) एवं सुभाष पार्क (पंजाबी मार्केट) के सौन्दर्यीकरण का विषय भी चर्चा में रहा।

अधिकारियों ने बताया कि चौराहों के सौन्दर्यीकरण का प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। प्रस्ताव स्वीकृत होने तथा धनराशि उपलब्ध होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा।
           

बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों एवं व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उपायुक्त उद्योग एसएस रावत, उपायुक्त राज्य कर वेगराज सिंह, एलडीएम नीरज सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी व उद्यमियों/व्यापारियों में मो. अनाम, रोशन लाल ऊमरवैश्य, अनुराग खण्डेलवाल आदि उद्यमी उपस्थित रहे। 

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।