भारत ने दोहराई स्वतंत्र हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए प्रतिबद्धता

मनीला, 24 जुलाई 2026। भारत ने एक बार फिर स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मनीला में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कहा कि इस क्षेत्र में आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) की केंद्रीय भूमिका को मान्यता देना भी भारत की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बैठक में जयशंकर के अलावा अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी शामिल हुए। इससे पहले क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पिछली बैठक मई के आखिर में नई दिल्ली में हुई थी, जिसमें मार्को रूबियो भारत आए थे।

विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, मनीला में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होकर खुशी हुई। हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा की और हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा की। नई दिल्ली में हुई हालिया बैठक के नतीजों पर आगे की बातचीत की। उन्होंने आगे कहा, हम स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्ध हैं और इस क्षेत्र में आसियान की केंद्रीय भूमिका को मान्यता देते हैं।