प्रतापगढ़, 13 फरवरी 2026। भाजपा के सीनियर लीडर विंध्यवासिनी कुमार का 12 फरवरी की देर रात निधन हो गया। वे पिछले कुछ माह से बीमार चल रहे थे। लखनऊ में उनका इलाज चल रहा था। यूपी के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने विंध्यवासिनी कुमार का एक संस्मरण सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
दिनेश शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा-विंध्यवासिनी जी आज हम सब को छोड़कर चले गए। कुछ दिनों पहले वेंटिलेटर पर थे और ठीक होकर अस्पताल से वापस घर आए। उनकी याददाश्त पहले की तरह नहीं है ऐसा किसी ने कहा, मैं उनसे मिला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के बारे में उनसे कान में कुछ कहा, अचानक ही वह सारी बातों को याद करके ऐसा बात करने लगे जैसे वह कभी बीमार ही नहीं पड़े।
वहां उपस्थित लोग आश्चर्यचकित थे कि वह कितनी पुरानी बातों को कितने आसानी से कर रहे हैं, जबकि कुछ समय पहले उन्हें बात करने में भी कठिनाई थी। विद्यार्थी परिषद से जनसंघ और वहां से भाजपा की यात्रा की उनकी बहुत सारी यादें हमारे परिवार के साथ रही है। मोदी जी से उनकी विशेष आत्मीयता थी।
कलराज मिश्रा जी, कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह से उनका विशेष लगाव था। अपने लिए कुछ नहीं जो कुछ है, वह संगठन के लिए, ऐसी भावना के पोषक थे विंध्यवासिनी जी। अब उनकी स्मृतियां हमारे साथ हैं।














