• Home
  • विदेश
  • इजरायल और अमेरिका ने किया ईरान पर हमला
इजरायल और अमेरिका ने किया ईरान पर हमला

इजरायल और अमेरिका ने किया ईरान पर हमला

तेल अवीव, 28 फरवरी 2026। दुनिया में मिडिल ईस्ट लगातार अशांति की ओर बढ़ रहा है। ताजा खबर है कि इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला कर दिया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि इजरायल ने अपने खिलाफ खतरों को दूर करने के लिए ईरान पर हमला किया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की राजधानी तेहरान में कुछ जगहों पर धमाके सुने गए हैं। इजरायल के भी कई शहरों में साइरन बज रहे हैं। इजरायली सेना ने जरूरी सेवाओं को छोड़कर पूरे देश में पाबंदियां लगा दी हैं।

ईरानी मीडिया के मुताबिक, राजधानी के मध्य हिस्से में कम से कम 3 जगह पर धमाकों की आवाज सुनी गई है। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर हमले की पुष्टि नहीं की है।

अल जजीरा के मुताबिक, तेहरान में धमाके सुने गए हैं और धुआं उठता देखा गया है। ईरानी समाचार एजेंसी फार्स ने बताया कि तेहरान में यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोम्हौरी इलाके में कई मिसाइलें गिरी हैं।

इजरायल में आपातकाल घोषित

इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने पूरे देश में तुरंत आपातकाल की घोषणा कर दी है। पूरे इजरायल में सायरन बज रहे हैं और IDF होम फ्रंट कमांड ने लोगों को शेल्टर के पास रहने को कहा है। संदेश में कहा गया है, सुरक्षा स्थिति के कारण आम लोगों को यह पक्का करना चाहिए कि उन्हें पता हो कि उनके पास सबसे अच्छा सुरक्षित शेल्टर कौन सा है और गैर-जरूरी यात्रा से बचें।

भारत ने जारी की एडवाइजरी

तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, इजरायल में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें और हर समय चौकन्ने रहें। वे अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अगली सूचना तक इजरायल के अंदर सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचें। नागरिकों को समाचार, आपातकालीन अलर्ट और आधिकारिक निर्देशों पर नजर रखने के लिए कहा जाता है।

इजरायल ने एयर स्पेस बंद किया

इजरायल ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। यातायात मंत्रालय ने कहा, लोगों से अनुरोध है कि अगली सूचना तक हवाई अड्डों पर न आएं। जो यात्री अभी विदेश में हैं, वे एयरस्पेस खुलने के बाद फ्लाइट शेड्यूल के बारे में मीडिया और अपनी एयरलाइन के जरिए जानकारी लेते रहें। विदेश में रहने वाले इजरायलियों से राष्ट्रीय सुरक्षा काउंसिल के निर्देशों और सुझावों का पालन करने का अनुरोध है। जैसे ही स्थिति ठीक होगी, एयरस्पेस फिर से खोला जाएगा।

खामेनेई के कार्यालय के पास धमाके

इजरायल के चैनल 12 के मुताबिक, एक सूत्र ने कहा कि ये हमला अमेरिका और इजरायल का संयुक्त ऑपरेशन है। अपुष्ट रिपोर्ट में कहा गया है कि लक्ष्य में से एक ईरान के सुप्रीम लीडर आयातुल्लाह अली खामेनेई का कार्यालय है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरानी नेताओं के घरों को निशाना बनाया जा रहा है। इसमें यह भी कहा गया है कि उन जगहों पर हमला किया गया है, जहां से ईरान इजरायल पर हमला कर सकता है।