गौरा (प्रतापगढ़), 30 मार्च 2026। प्रतापगढ़ जिले की सुवंसा नगर पंचायत के सेवानिवृत्त रक्षा अधिकारी सुरेंद मणि मिश्र के बेटे शिवम मिश्र ने UPPSC परीक्षा क्वालीफाई किया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा के अंतिम परिणाम घोषित होते ही प्रतापगढ़ जनपद गौरवशाली पलों का साक्षी बना है।
जनपद के सुवंसा नगर पंचायत अंतर्गत नौड़ेरा गांव के निवासी शिवम मिश्रा ने यूपीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। शिवम की इस सफलता से न केवल उनके परिवार में उत्सव का माहौल है, बल्कि पूरे गौरा और सुवंसा क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। शिवम मिश्र का चयन डिप्टी जेलर के पद पर हुआ है।
अनुशासन और विरासत की जीत
शिवम मिश्रा एक प्रतिष्ठित और अनुशासित पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता सुरेंद्र मणि मिश्र रक्षा मंत्रालय से एक सम्मानित अधिकारी के रूप में सेवानिवृत्त हुए हैं। शिवम की सफलता में उनके पिता के अनुशासित जीवन और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। शिवम ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने कठिन परिश्रम को दिया है।
गांव से शुरू हुआ सपनों का सफर
नौड़ेरा जैसे ग्रामीण परिवेश से निकलकर यूपीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा को पास करना शिवम के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। परिणाम की घोषणा के बाद से ही उनके पैतृक आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवम बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि के थे और घंटों पढ़ाई में लीन रहते थे।
पिता सुरेंद्र मणि मिश्र ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि एक पिता के लिए इससे गर्व का दिन कोई और नहीं हो सकता जब उसका बेटा अपनी मेहनत से समाज में अपनी पहचान बनाए। रक्षा मंत्रालय में सेवा के दौरान मैंने हमेशा देश सेवा और अनुशासन को प्राथमिकता दी, और मुझे खुशी है कि शिवम अब प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जनता की सेवा करेगा।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
शिवम मिश्रा की यह सफलता उन हजारों युवाओं के लिए एक मिसाल है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने इसे गौरा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। सोशल मीडिया पर भी सुबह से ही प्रतापगढ़ के गौरव के रूप में शिवम को ढेरों शुभकामनाएं मिल रही हैं।













