रायपुर, 4 नवंबर 2026। दीपावली पर बाजार में ग्राहक को कोई परेशानी न हो। इसके लिए छत्तीसगढ़ चेम्बर सक्रिय हो गया है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बाजारों में सुगम आवागमन और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है।
उन्होंने कहा है कि दीपावली के त्योहार ने छत्तीसगढ़ के बाजारों में रौनक बढ़ा दी है। प्रदेशभर के छोटे-बड़े बाजारों में सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। व्यापार और उद्योग जगत में उत्साह के बीच विभिन्न कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है।
चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि इस दीपावली प्रदेश के व्यापार एवं उद्योग जगत में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल है। सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, वस्त्र और प्रॉपर्टी कारोबार में भी अच्छी बिक्री हो रही है। बाजारों में बढ़ती चहल-पहल व्यापारियों के लिए उत्साहजनक है और इससे प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ आह्वान का असर भी बाजारों में दिखाई दे रहा है। मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय कारीगरों की तैयार सजावटी सामग्रियों की मांग बढ़ी है। इससे कुम्हारों, छोटे शिल्पकारों और स्थानीय कारोबारियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से भी स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
त्योहारी सीजन में बाजारों की बढ़ती भीड़ के बीच चेम्बर ने स्पष्ट किया है कि खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। थौरानी ने कहा कि व्यापारी समाज जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहा है। बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए छत्तीसगढ़ चेम्बर प्रशासन को हरसंभव सहयोग दे रहा है।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि दुकानों के बाहर सामान फैलाकर न रखें और वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से करें, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति निर्मित न हो। बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए।
चेम्बर अध्यक्ष ने कहा कि दीपावली की खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों के साथ आम जनता की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। व्यापारियों और प्रशासन के समन्वय से बाजारों में ऐसी व्यवस्था बने, जिससे लोग बिना किसी परेशानी के खरीदारी कर सकें। उन्होंने प्रदेश के व्यापारियों, उद्योगपतियों और आम नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मां लक्ष्मी से प्रदेश में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

