कुंडा (प्रतापगढ़), 5 नवंबर 2026। यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 सिर पर है। ऐसे में 16 नवंबर को कुंडा पहुंच रहे बाबा बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री सनातन को नई धार देने की तैयारी में हैं। कुंडा में वहां के स्थानीय विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह, जो राजा भैया के नाम से चर्चित हैं, वह इस कथा का संयोजन कर रहे हैं। यह आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब कई राजनैतिक दलों ने आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री को निशाने पर ले रखा है।
कुंडा में होने जा रहे इस आयोजन में केवल आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री ही नहीं बल्कि देश भर से सनातन धर्म के कई पुरोधा एकत्र होंगे और हिंदू समाज को जाग्रत करने के लिए ओजपूर्ण संबोधन करेंगे। राजा भैया खुद ऐसे लोगों से मिलकर उन्हें कार्यक्रम में आने का न्यौता बांट रहे हैं।
राजा भैया ने यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से भी मिलकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। दूसरी तरफ राजा भैया परिवार के प्रमुख सदस्य एमएलसी कुंवर अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी पूरे प्रदेश में विधानसभावार बैठक कर लोगों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
इस आयोजन में 10 लाख से अधिक लोगों के प्रतिदिन शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। कुंडा में आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री के इस कार्यक्रम को लेकर प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली, सुल्तानपुर, अमेठी, उन्नाव, कानपुर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही व आसपास के जिलो में लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने भी आयोजन की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी तेज कर दिया है। कार्यक्रम स्थल पर राजा भैया परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के रहने, खाने व अन्य प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है।

