विदेश

भारत ने त्रिनिदाद से किये पर्यटन, आयुर्वेद अध्ययन सहित 8 समझौते

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मई 12, 2026
1 min read • 1.2k views
भारत ने त्रिनिदाद से किये पर्यटन, आयुर्वेद अध्ययन सहित 8 समझौते

पोर्ट ऑफ स्पेन, 12 मई 2026। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान आठ महत्वपूर्ण समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को नयी मजबूती दी।

इस दौरान कृत्रिम अंग केंद्र का उद्घाटन, स्कूली बच्चों को 2,000 लैपटॉप वितरण और कैरेबियाई क्षेत्र में भारत की दीर्घकालिक रणनीतिक उपस्थिति को और गहरा करने की दिशा में कई पहलें की गईं। श्री जयशंकर का पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचने पर त्रिनिदाद एवं टोबैगो के विदेश एवं कैरिकॉम मामलों के मंत्री सीन सोबर्स ने औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर से व्यापक बातचीत की।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न आयामों की समीक्षा की और उन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की जहां दोनों देशों के हित समान हैं। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जुलाई 2025 में हुई ऐतिहासिक त्रिनिदाद यात्रा के बाद हुई, जो इस द्वीप पर कई दशकों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा थी। श्री जयशंकर की यात्रा को उन घोषणाओं और वादों को अमली जामा पहनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

उन्होंने भारतीय मूल के प्रवासी समुदाय को दोनों देशों के रिश्तों की जीवित नींव बताते हुए कहा कि गिरमिटिया वंशज केवल प्रवासी समुदाय नहीं, बल्कि भारत और त्रिनिदाद के ऐतिहासिक संबंधों की मजबूत कड़ी हैं। श्री जयशंकर ने यात्रा के दौरान संसद में सीनेट अध्यक्ष वेड मार्क और हाउस स्पीकर जगदेव सिंह से भी मुलाकात की, जिससे यह संदेश गया कि भारत का जुड़ाव केवल कार्यपालिका तक सीमित नहीं बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं तक विस्तृत है।

इस यात्रा का मुख्य आकर्षण आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर रहा। इनमें पर्यटन, विदेश मंत्रालय भवन के सोलराइजेशन, वेक्टर नियंत्रण, नेल्सन द्वीप के बुनियादी ढांचे के उन्नयन और यूनिवर्सिटी ऑफ द वेस्ट इंडीज में आयुर्वेद चेयर स्थापित करने जैसे समझौते शामिल हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में दोनों देशों ने सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर और जयशंकर ने संयुक्त रूप से पेनल में राष्ट्रीय कृत्रिम अंग केंद्र का उद्घाटन किया। यह पहल प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषित “जयपुर फुट” कृत्रिम अंग शिविर कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत 800 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गयी।

श्री जयशंकर ने भारतीय सहायता से शुरू की गई तकनीकी पहल के तहत स्कूली बच्चों को 2,000 लैपटॉप की पहली खेप सौंपी। इसके साथ ही कूवा में भारत की मदद से निर्मित एग्रो-प्रोसेसिंग सुविधा का उद्घाटन भी किया। दोनों देशों ने आधारभूत संरचना, साइबर सुरक्षा, फॉरेंसिक, डिजिटल, जन आधारभूत ढांचा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दों पर समन्वय जारी रखने का भी संकल्प दोहराया गया।

महात्मा गांधी सांस्कृतिक सहयोग संस्थान में श्री जयशंकर ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और सेंट्रल त्रिनिदाद स्थित दत्तात्रेय मंदिर तथा विशाल हनुमान प्रतिमा का भी दौरा किया, जो भारतीय मूल के समुदाय के लिए विशेष सांस्कृतिक महत्व रखते हैं।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।