नई दिल्ली, 15 मई 2026 । मेडिकल कॉलेजों मे स्नातक स्तर तक प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) फिर से अब 21 जून 2026 को होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेन्सी (एनटीए) ने 3 मई 2026 को आयोजित की गयी नीट परीक्षा पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दी थी। एनटीए ने शुक्रवार 15 मई को कहा कि अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून 2026 को आयोजित की जायेगी।
नीट की 3 मई को हुयी परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्र-छात्रायें शामिल हुये थे। एनटीए पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि फिर से करवायी जा रही परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को नये सिरे से पंजीकरण नहीं करवाना पड़ेगा तथा किसी तरह की फीस भी नहीं देनी होगी।
उसमें परीक्षार्थियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करने का अनुरोध किया है।
14 जून तक जारी होंगे एडमिट कार्ड
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की है कि नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को 14 जून तक प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
श्री प्रधान ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगले वर्ष से नीट परीक्षा ओएमआर शीट के बजाय कंप्यूटर आधारित मोड में कराई जाएगी। साथ ही इस बार दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा, ताकि उन्हें यात्रा और अन्य परेशानियों का सामना न करना पड़े।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में फर्जी खबरें बड़ी चुनौती बन चुकी हैं, इसलिए छात्र और अभिभावक केवल सरकार या एनटीए की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
