स्वीडन पहुंचे मोदी, प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन ने खुद हवाई अड्डे पर किया स्वागत

गोथेनबर्ग (स्वीडन) 18 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में रविवार देर शाम यहां पहुंचे जहां स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने खुद हवाई अड्डे आकर उनका स्वागत किया। भारतीय समुदाय के लोगों ने भी पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

श्री मोदी ने नीदरलैंड से स्वीडन की दो दिन की यात्रा पर आने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह व्यापार, निवेश और रक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी करने के लिए बातचीत को उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा, स्वीडन के गोथेनबर्ग पहुंचा। भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, निवेश, नवाचार, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन से मिलने की प्रतीक्षा कर रहा हूं। श्री मोदी प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन के साथ यूरोपीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन के साथ, मैं उद्योग के लिए यूरोपीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन में यूरोपीय व्यापार नेताओं से मुलाकात करूंगा। इससे भारत और यूरोप के बीच निवेश संबंध भी और गहरे होंगे।

पीएम मोदी ने हवाई अड्डे पर खुद उनका स्वागत करने के लिए श्री क्रिस्टरसन का आभार व्यक्त किया। उन्होंंने कहा, मैं प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन का गोथेनबर्ग हवाई अड्डे पर स्वयं आकर मेरा स्वागत करने के विशेष भाव के लिए आभारी हूँ। इस महत्वपूर्ण यात्रा में भारत-स्वीडन मित्रता को और मजबूत करने की प्रतीक्षा कर रहा हूं।

गोथेनबर्ग पहुंचने पर भारतीय समुदाय के स्नेह से प्रसन्न प्रधानमंत्री ने कहा, गोथेनबर्ग में भारतीय समुदाय का स्नेह और आत्मीयता वास्तव में हृदयस्पर्शी था। भारत के साथ उनका गहरा जुड़ाव और भारत-स्वीडन संबंधों को मजबूत करने में उनका योगदान हम सभी को अत्यंत गर्व का अनुभव कराता है।

स्वागत में महात्मा गांधी के भजन वैष्णव जन गाये जाने पर उन्होंने कहा, यह देखकर हर्ष होता है कि बापू के कालजयी विचार स्वीडन में भी निरंतर गूंज रहे हैं। स्वीडिश ओपेरा गायिका शार्लोटा हुल्ट ने गोथेनबर्ग में स्वागत के दौरान ‘वैष्णव जन तो’ प्रस्तुत किया। महात्मा गांधी के विचार हम सभी को एक बेहतर पृथ्वी बनाने के लिए प्रेरित करते रहें!