Join US

सीसीपीएल के तीसरे सीजन का आगाज 3 जून से

रायपुर, 19 मई 2026। छत्तीसगढ़ के युवा क्रिकेटरों के सपनों को नई उड़ान देने के लिए ‘छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग’ (सीसीपीएल) के तीसरे सीजन का मंगलवार को औपचारिक आगाज कर दिया गया। रोमांच और प्रतिभा से भरपूर यह लीग 3 से 14 जून तक आयोजित की जाएगी।

इस आयोजन का मुख्य ध्येय प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को एक ऐसा पेशेवर मंच प्रदान करना है, जहां से वे अपनी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बना सकें। लीग के शुभारंभ पर विजय शाह ने कहा कि सीसीपीएल का एकमात्र उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा एक्सपोजर देना है।

पूर्व अध्यक्ष प्रमोद शंकर शर्मा ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों में लीग के स्तर में भारी सुधार हुआ है और आज यह प्रदेश के खेल कैलेंडर का एक अनिवार्य हिस्सा बन चुका है।

दिग्गजों ने दी इंटरनेशनल परफॉर्म करने की सीख

पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान ने युवा खिलाड़ियों से अपने खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्य कोच अमय खरसिया की सराहना करते हुए उन्हें देश के सर्वश्रेष्ठ कोचों में से एक बताया। चौहान ने विश्वास जताया कि खरसिया के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भविष्य में भारतीय टीम का दरवाजा खटखटाएंगे।

खेल जगत की दिग्गज हस्तियों का जमावड़ा

इस गरिमामयी कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्य रूप से बलदेव सिंह भाटिया, मोहन दास, वेंटिश अग्रवाल, सुमित गुप्ता साथ ही मुकुल तिवारी, अजय तिवारी और गुरुचरण सिंह मखीजा ने भी उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।