देश

तेची गुबिन को मिलेगा पद्मश्री, छत्तीसगढ़ से है खास रिश्ता

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मई 21, 2026
1 min read • 1.2k views
Techi Gubbin

नई दिल्ली, 21 मई 2026। अरुणाचल प्रदेश के तेची गुबिन को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 25 मई को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में गुबिन को ये सम्मान मिलेगा। 62 वर्षीय गुबिन को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपने अहम योगदान के चलते पद्मश्री के लिए चुना गया है। अरुणाचल के शि-योमी जिले के केबी गांव के रहने वाले गुबिन अरुणाचल विकास परिषद के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के जशपुर स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के उपाध्यक्ष हैं।

इस बार पद्म पुरस्कारों के लिए 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 84 जिलों के लोगों को चुना गया है। सरकार ने बड़े शहरों के चर्चित चेहरों से ध्यान हटाकर दूरदराज इलाकों की प्रतिभाओं और जमीनी स्तर पर काम कर रहे लोगों को प्राथमिकता दी है।

कुल 131 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 5 हस्तियों को पद्म विभूषण, 13 हस्तियों को पद्म भूषण और क्रिकेटर रोहित शर्मा समेत 113 हस्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

कौन हैं गुबिन

  • अपने पेशेवर करियर में गुबिन अरुणाचल प्रदेश सरकार में वास्तुकला और आवास से जुड़े अहम पदों पर रहे हैं।
  • उन्होंने 2005 से 2024 तक आवास निदेशक (अतिरिक्त प्रभार) के रूप में काम किया।
  • 31 अक्टूबर, 2024 को अरुणाचल प्रदेश सरकार के मुख्य वास्तुकार के पद से सेवानिवृत्त हुए।

गुबिन को क्यों मिला सम्मान

गुबिन लंबे समय से राज्य में जमीनी स्तर की सामाजिक पहलों और सांस्कृतिक वकालत से जुड़े रहे हैं। उन्होंने सामुदायिक मूल्यों को मजबूत करने, स्थानीय पहचान और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने की दिशा में बड़े पैमाने पर काम किया है। पिछले कई दशकों से वे सामाजिक और सांस्कृतिक आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने युवाओं को नशे के चंगुल से निकालने और उन्हें खेलों और रचनात्मक कार्यों की ओर लाने के लिए कई अभियान चलाए हैं।

पद्मश्री के लिए चुने जाने पर गुबिन ने कहा था, मैं बचपन से ही समाज सेवा में लगा हुआ हूं। मैं पैसे के लिए काम नहीं करता। मैं जो कुछ भी करता हूं, लोगों को खुशी देने के लिए करता हूं। मैं यह काम इसलिए करता हूं, क्योंकि मुझे इसमें आनंद आता है और मैं जीवन भर समाज की सेवा करता रहूंगा। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा, मुझे नहीं पता कि मेरा नाम किसने सुझाया।

Read More

    Ramesh Pandey

    Ramesh Pandey

    रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।