नई दिल्ली, 3 जून 2026। देश की राजधानी नई दिल्ली में 3 जून 2026 को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मालवीय नगर में स्थित लेमन ग्रीन होटल में तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है और 11 से अधिक लोग झुलस गए हैं।
हादसा दक्षिण दिल्ली के हौज रानी इलाके में स्थित बहुमंजिला लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुआ है। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह करीब 9.45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। घटना के समय 37 लोग रेस्तरां में फंस गए थे, जिन्हें बचाया गया है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी है, वह 5 मंजिल की है। सबसे पहले आग, ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी, जिसके बाद वह ऊपर के मंजिलों तक पहुंच गई। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया जा रहा है। दमकल की 10 गाड़ियों ने इमारत की आग पर काबू पा लिया है। रेस्तरां के तहखाने से 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक महिला ने आग से बचने के लिए ऊपर की मंजिल से छलांग लगा दी थी। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पॉश इलाके में रेस्तरां होने के कारण यहां कुछ विदेशी नागरिक भी ठहरे हुए थे। पुलिस ने अभी तक मृतकों की पहचान नहीं की है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकतर दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं।
6 कमरे की अनुमति, चल रहे थे 25
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रेस्तरां को दिल्ली सरकार की ओर से बेड एंड ब्रेकफास्ट कॉन्सेप्ट के तहत लाइसेंस दिया गया था। इसमें रहने की भी व्यवस्था थी। लाइसेंस की शर्तों के तहत 6 कमरे संचालित करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन होटल में तहखाने सहित कुल 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। आग लगने के बाद इमारत का बाहरी हिस्सा पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका है। अंदर भी काफी नुकसान हुआ है।
भारती ने मीडिया को बताया कि रेस्तरां में तारों का मकड़जाल है, जो गर्मी में हीट हो गया और उसी से आग पहले रेस्तरां के किचन में लगी, फिर ऊपरी मंजिल तक पहुंची। उन्होंने बताया कि रेस्तरां के सामने मैक्स अस्पताल है, जहां भर्ती मरीजों के तीमारदार इसी रेस्तरां में रहने आते हैं। उन्होंने बताया कि रेस्तरां के पास ही एक गद्दे वाले ने अपने सारे गद्दे बिछा दिए, जिस पर लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
2-2 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रियजनों को खोने वालों के प्रति गहरी संवेदनाएं जताई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता और सहयोग देने के साथ हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध जताई है।
