मण्डला, 21 जून 2026। मध्य प्रदेश के मण्डला जिला मुख्यालय में जन शिक्षण संस्थान और जनजातीय कौशल केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में योगाचार्य डॉ. दयाशंकर ज्योतिषी ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराते हुए योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थानीय परिवाद समिति की जिलाध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जन शिक्षण संस्थान प्रबन्ध मण्डल के सदस्य प्रदीप ढकरिया एवं संस्थान के पूर्व निदेशक सुदीप ज्योतिषी रहे।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अखिलेश पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला तथा नियमित योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया। अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान एवं जनजातीय कौशल केन्द्र के अधिकारी, कमर्चारी, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन, तनावमुक्त समाज एवं निरोगी भारत के निर्माण का संकल्प लिया। अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
