रायपुर, 6 जुलाई 2026। शंकर नगर स्थित श्री नारायण मंदिर में रविवार 5 जुलाई 2026 को श्री नारायण संदेश समाजम (एसएनएसएस) की द्विवार्षिक आमसभा आयोजित की गई। बैठक में समाजम के सभी सदस्यों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ तथा पिछले दो वर्षों में दिवंगत हुए सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में निवर्तमान कार्यकारिणी ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल की गतिविधियों का प्रतिवेदन एवं अंकेक्षित आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने ध्वनिमत से अनुमोदित किया। इस दौरान महिला प्रकोष्ठ के गठन पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई, जो उपविधियों का प्रारूप तैयार कर कार्य-विभाजन को अंतिम रूप देगी। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाने तथा सदस्यता पंजी को अद्यतन करने का निर्णय लिया गया।
इसके बाद निर्वाचन अधिकारी के रूप में केवी श्रीकुमार की देखरेख में नई कार्यकारिणी का निर्वाचन संपन्न हुआ। सर्वसम्मति से वीजी शशिकुमार अध्यक्ष, टीजी मधुसूदनन उपाध्यक्ष, एपी उदयन महासचिव, गिरीश गोपीनाथन सचिव (विद्यालय), टीसी शाजी सचिव (संगठन), सुदर्शनन कोषाध्यक्ष, सिबिश सुभाष संयुक्त कोषाध्यक्ष तथा अजय कुमार लेखा अधिकारी निर्वाचित हुए।
कार्यकारिणी में अमल दास, शाजीकुमार, गोपीकृष्णन, कीर्ति सुभाष, वसंत बी., डी. दिलीश, एस. विनोद कुमार, सी. जी. अनिल कुमार, केवी श्रीकुमार तथा वीजी थैंकप्पन को विभिन्न वार्डों का प्रतिनिधित्व सौंपा गया। लेखा परीक्षण समिति में टीए राजकृष्णन को संयोजक तथा डॉ. केएन किशोर एवं के. रघुवरन को सदस्य बनाया गया। वहीं, लिजू गोपाल को मंदिरम समिति में मनोनीत किया गया।
बैठक के अंत में निवर्तमान पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी के सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के विकास, पारदर्शिता, सामाजिक एकता और सेवा-भाव के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
