सालेम इंग्लिश स्कूल में उत्साह से मना ग्रीन डे, बच्चों ने किया पौधरोपण और लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

रायपुर, 26 जुलाई 2026। सालेम इंग्लिश स्कूल में शनिवार को ग्रीन डे हर्षोल्लास और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति, हरियाली और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना था। ग्रीन डे के दौरान विद्यार्थियों ने जंगल बचाओ, पौधे बचाओ, हर घर एक पेड़ थीम पर अपनी-अपनी कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाया। बच्चों की रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता उनकी सजावट और प्रस्तुतियों में साफ दिखाई दी।

शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को हरियाली के महत्व, वृक्षों की उपयोगिता तथा वन्यजीव संरक्षण के बारे में जानकारी देते हुए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रूपिका लॉरेंस तथा अतिथियों की उपस्थिति में पौधरोपण किया गया। इस दौरान बच्चों ने शपथ ली कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे, उनकी देखभाल करेंगे और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में बच्चों ने आओ हम सब मिलकर पेड़ लगाएं, अपने वातावरण को स्वच्छ बनाएं, आने वाली पीढ़ी को शुद्ध वातावरण दें जैसे प्रेरक स्लोगन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

प्राचार्या श्रीमती रूपिका लॉरेंस एवं अतिथियों ने सभी कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और मेहनत की सराहना की। इस अवसर पर राइट रेव्ह. श्रीमती सुषमा कुमार (बिशप, डायोसिस आफ छत्तीसगढ़ एवं चेयरमेन, सीडीबीई), नितिन लॉरेंस (वाइस चेयरमेन, सीडीबीई एवं सचिव, डायोसिस आफ छत्तीसगढ़), जयदीप रॉबिन्सन (सचिव, सीडीबीई), वरिष्ठ पत्रकार जॉन राजेश पॉल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा सी. बोर्ड की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती के.के. सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।