Join US

इनर व्हील क्लब आफ रायपुर ग्रेटर ने गुरुकुल में चलाया सेवा अभियान

रायपुर, 30 जुलाई 2026। इनर व्हील क्लब आफ रायपुर ग्रेटर द्वारा महासमुंद स्थित आर्ष ज्योति गुरुकुल में सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित बहुआयामी सेवा प्रकल्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। क्लब की सचिव श्रीमती नेहा अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक रीति से हवन-पूजन के साथ हुआ।

इसके बाद गुरुकुल परिसर में 30 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। सेवा प्रकल्प के अंतर्गत क्लब द्वारा गुरुकुल को आवश्यक अनाज, 20 ट्यूब लाइट्स, दो कंप्यूटर और एक प्रिंटर भेंट किए गए। इन सामग्रियों से गुरुकुल के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे और डिजिटल शिक्षा को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में श्रीमती रुचिता राव ने विद्यार्थियों के लिए करियर गाइडेंस एवं मोटिवेशनल सत्र आयोजित किया। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से विद्यार्थी जीवन में बड़ी सफलताएं हासिल कर सकते हैं। यह कार्यक्रम क्लब की अध्यक्ष श्रीमती पूजा अग्रवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस दौरान पास्ट प्रेसिडेंट श्रीमती संगीता गोयल, श्रीमती पुष्पा मालवीय, श्रीमती गीता जेठानी, श्रीमती पूजा जैन, श्रीमती नम्रता दुबे, श्रीमती सोनिया नाथानी, पास्ट सेक्रेटरी श्रीमती प्रज्ञा नायडू, श्रीमती रूबी साओ, श्रीमती सुषमा अग्रवाल, श्रीमती प्रियंका मिश्रा, श्रीमती रुचिता राव तथा सचिव श्रीमती नेहा अग्रवाल सहित क्लब की कई सदस्याएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में गुरुकुल परिवार ने इनर व्हील क्लब आफ रायपुर ग्रेटर द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। क्लब ने भविष्य में भी शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा से जुड़े ऐसे प्रकल्प निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।