प्रतापगढ़, 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में संस्कार ग्लोबल स्कूल, टेउंगा की छात्राओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति अपना आभार और सम्मान व्यक्त करते हुए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। छात्राओं ने कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
छात्राओं ने बेहद उत्साह के साथ जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय, एसडीएम सदर अनुष्का शर्मा, एसडीएम अनुराग सिंह की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। जिलाधिकारी ने छात्राओं के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, अनुशासित रहने और मन लगाकर पढ़ाई करने का आशीर्वाद दिया।
इसके बाद छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय, एएसपी पूर्वी आलोक कुमार से मुलाकात कर उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। एसपी ने छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की छात्राओं ने परिसर में मौजूद अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी राखी बांधकर इस त्योहार को भाई-चारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक के रूप में मनाया।
छात्राओं ने कहा कि समाज की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों को राखी बांधकर उन्हें बेहद गर्व महसूस हो रहा है। अधिकारियों के साथ इस संवाद ने उनके भीतर एक नया आत्मविश्वास भी जगाया है। चेयरपर्सन डॉ.अंजना सिंह सेंगर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
इसके बाद छात्राओं ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ए.एन. प्रसाद, डीपीएम डा. आरबी यादव, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी महेश सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार पांडेय,ईपीडीमीयोलाजिस्ट चन्द्रचूड़ सिंह को रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान निदेशक रंजन सिंह, प्रिंसिपल समीना अख्तर, गुंजन सिन्हा, शिवम त्रिपाठी, शुभी अली, लक्ष्मी देवी, दीनानाथ आदि मौजूद रहे।
