सोहावल (अयोध्या), 31 अगस्त 2026। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के सोमवार 31 अगस्त को अयोध्या आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उनके स्वागत को लेकर रौनाही टोल प्लाजा पर भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गोसाईगंज के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू और भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय उर्फ खुन्नू पांडेय के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता राष्ट्रीय महामंत्री का जोरदार स्वागत करेंगे। यह जानकारी देते हुए खब्बू तिवारी के प्रतिनिधि एडवोकेट पवन तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व मिलने के बाद हरीश द्विवेदी का अयोध्या जिले में यह पहला आगमन है। ऐसे में कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है।
रौनाही टोल प्लाजा पर उनके स्वागत के लिए 25 हज़ार से भी ज्यादा की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। स्वागत समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पवन के अनुसार हरीश द्विवेदी के साथ भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव भी अयोध्या पहुंचेंगी। उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। टोल प्लाजा पर स्वागत की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव का अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वागत कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रधान शिवाकांत तिवारी, रानू दूबे, कप्तान तिवारी, राजेंद्र गोस्वामी, डब्लू तिवारी, सच्चिदानंद तिवारी, गौतम पाण्डेय, कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए प्रभावी रूप से जुटे हुए हैं।
