यूपी

रानी भानवी ने बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा में शामिल होने की जताई इच्छा, राजा भइया से भी मांगी अनुमति

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 17, 2026
1 min read • 1.2k views
रानी भानवी ने बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा में शामिल होने की जताई इच्छा

कुंडा (प्रतापगढ़), 17 नवंबर 2026। बेंती राजघराने की रानी भानवी कुमारी ने 17 नवंबर से बेंती राजमहल परिसर में शुरू हुई बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा में शामिल होने की इच्छा जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी भावना को व्यक्त किया है। उन्होंने अपने पति रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया से भी कथा में शामिल होने की अनुमति मांगी है।

रानी भानवी ने अपनी पोस्ट में लिखा- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित मेरी ससुराल बेती राजभवन में पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से आयोजित होने जा रही भव्य श्रीराम कथा का समाचार पाकर मन श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से अभिभूत है।

मेरी भी हार्दिक अभिलाषा है कि मुझे इस पावन आध्यात्मिक आयोजन में सम्मिलित होने, पूज्य बाबा बागेश्वर जी के दर्शन करने तथा प्रभु श्रीराम की दिव्य कथा का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त हो।

मुझे पूर्ण विश्वास और आशा है कि मेरे हजूर, श्री रघुराज प्रताप सिंह जी मेरी इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए मुझे इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करेंगे, जिससे श्रीराम कथा के श्रवण और आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ पूरे परिवार को मिल सके।

प्रभु श्रीराम के श्रीचरणों में मेरी यही प्राथर्ना है कि उनकी कृपा से परिवार में व्याप्त समस्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति का अंत हो। जिन प्रतिकूल परिस्थितियों और नकारात्मक शक्तियों ने परिवार की सुख-शांति एवं पारिवारिक सौहार्द को प्रभावित किया है, उनसे मुक्ति मिले और परिवार में पुन: प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव एवं खुशहाली का वातावरण स्थापित हो।

मैं पूज्य बाबा बागेश्वर सरकार से भी विनम्र प्राथर्ना करती हूं कि वे अपने आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार में व्याप्त नकारात्मकता को दूर करने तथा सकारात्मकता, प्रेम और सद्भाव का संचार करने की कृपा करें। साथ ही, इस पावन कथा में सम्मिलित होने की मेरी अभिलाषा पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त करें ।

श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को मर्यादा, त्याग, करुणा, धैर्य और पारिवारिक मूल्यों की राह दिखाने वाली दिव्य प्रेरणा है। प्रभु श्रीराम की मर्यादा और उनके आदर्श हम सभी को परिवार और समाज में प्रेम, सम्मान तथा समरसता बनाए रखने की सीख देते हैं।

मेरी कामना है कि यह श्रीराम कथा केवल भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का ही नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़ने, रिश्तों में विश्वास जगाने और समाज में सकारात्मकता का संदेश देने वाला पावन अवसर बने।

प्रभु श्रीराम सबका कल्याण करें।

जय श्रीराम!
जय बागेश्वर धाम सरकार!

भानवी कुमारी
भदरी, कुंडा, जनपद प्रतापगढ़

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।