पट्टी में 15 सितंबर को लगेगा मेगा रोजगार मेला; 10वीं से ग्रेजुएट तक के लिए 1,000+ नौकरियां

प्रतापगढ़, 12 सितंबर 2026। यूपी में प्रतापगढ़ जिले के पट्टी में 15 सितंबर को मेगा रोजगार मेला लगने जा रहा है। जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित इस मेले में 1000 से अधिक पदों के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। यह आयोजन ईजी हरे रामा हरे कृष्णा प्राइवेट आईटीआई, दशरथपुर रोड, पट्टी में होगा। उत्तर प्रदेश रोजगार निदेशालय के अधिकृत सोशल मीडिया हैंडल पर इसकी जानकारी दी गयी है।

मेले में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को कोई शुल्क नहीं देना होगा। रजिस्ट्रेशन से लेकर चयन प्रक्रिया तक पूरी प्रक्रिया निशुल्क रखी गई है। उत्तर प्रदेश रोजगार निदेशालय ने अपने एक्स हैंडल पर इस रोजगार मेले की जानकारी साझा की है। इस रोजगार मेले में 10वीं पास से लेकर इंटरमीडिएट, ग्रेजुएशन, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और डिप्लोमा करने वाले उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। इसके लिए किसी खास कार्य अनुभव की अनिवार्यता नहीं है। पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी का अनुभव नहीं रखने वाले फ्रेशर उम्मीदवार भी रोजगार मेले में पहुंचकर नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं।

उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए। वहीं, अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार अलग-अलग है, जो 26 से 30 वर्ष तक निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को अपनी शैक्षिक योग्यता और उम्र के अनुसार संबंधित पदों के लिए आवेदन का मौका मिलेगा।

किन पदों पर होगी भर्ती

प्रतापगढ़ रोजगार मेले में प्रोडक्शन डिपार्टमेंट, ट्रेनी, मशीन ऑपरेटर, आईटीआई डिप्लोमा और असिस्टेंट ऑपरेशन जैसे पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए अलग-अलग शैक्षिक योग्यता और वेतन निर्धारित है।

कितना मिलेगा वेतन

प्रोडक्शन डिपार्टमेंट में 17,500 रुपये, ट्रेनी को 19,850 रुपये और मशीन ऑपरेटर को 20,500 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा। वहीं, आईटीआई डिप्लोमा पद के लिए 15,000 रुपये और असिस्टेंट ऑपरेशन पद के लिए 17,000 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।

ऐसे करें आवेदन

  • सबसे पहले रोजगार संगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • Signup/Login में जाकर Job Seeker विकल्प चुनें।
  • नए उम्मीदवार Sign Up पर क्लिक करके अपना नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल और अन्य जरूरी जानकारी भरें।
  • अपनी शैक्षिक योग्यता, जिला और अन्य विवरण दर्ज करें।
  • Job Fair District में Pratapgarh और संबंधित रोजगार मेले का विकल्प चुनें।
  • उपलब्ध पदों में अपनी योग्यता के अनुसार जॉब चुनकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
  • रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद निर्धारित तारीख पर जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचें।