प्रतापगढ़, 1 अक्टूबर 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में मौजूदा डीएम अभिषेक पांडेय पर नागरिकों को भरोसा है कि वे जानकारी होने पर कोई गलत काम नहीं होने देंगे। पर ताज्जुब की बात यह है कि शहर से सटे नगर पंचायत गड़वारा के वार्ड-2 में बगैर आवश्यक प्रक्रिया पूरी किये प्लाटिंग की गई और प्लाटों की बिक्री भी कर दी गई। आसान शब्दों में कहें तो यहां संबंधित अफसरों की मिलीभगत से भू-माफिया सक्रिय हैं और अवैध प्लाटिंग का खेल करके शासकीय खजाने को चोट पहुंचा रहे हैं।
स्थानीय निवासी पुरुषोत्तम पांडेय ने पूरे मामले की शिकायत 14 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की थी। इस शिकायत में उन्होंने गाटा संख्या 421 अ और 418 जो राजस्व अभिलेखों में कृषि योग्य भूमि है उसके व्यावसायिक उपयोग किये जाने की बात कही है। पुरुषोत्तम पांडेय का कहना है कि इस प्रकरण में नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी और राजस्व विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका लापरवाही की है।
हलांकि पुरुषोत्तम पांडेय की शिकायत पर मुख्यमंत्री कार्यालय से 16 सितंबर को जिलाधिकारी और अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत से आख्या मांगी गयी है। जिले के विश्वसनीय जिलाधिकारी से पुरुषोत्तम पांडेय ने अपेक्षा की है कि वे जरुर इस मामले को संज्ञान में लेंगे और प्रकरण की जांच कराकर वैधानिक कार्रवाई करेंगे।
