प्रतापगढ़, 26 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में समिति के सदस्य रोशन लाल उमरवैश्य ने भंगवा चुंगी से चिलबिला तक सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अवगत कराया कि इस मार्ग पर नाले का निर्माण न होने के कारण जगह-जगह सड़क पर गड्ढे हो गए हैं, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
उन्होंने बताया कि आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं ऐतिहासिक भरत मिलाप जैसे महत्वपूर्ण आयोजन होने हैं, जिनमें बड़ी संख्या में आमजन का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क की मरम्मत कराया जाना आवश्यक है जिस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि भंगवा चुंगी से चिलबिला तक सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि आगामी पर्व एवं आयोजनों के दौरान लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में व्यापारियों द्वारा प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगवाए जाने की मांग भी रखी गई।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यकता वाले स्थानों को चिन्हित कर क्रिटिकल गैप के माध्यम से हाईमास्ट लाइट लगवाई जाएगी, जिससे प्रमुख मार्गों एवं स्थानों पर प्रकाश की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं नियमानुसार समाधान कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में प्राप्त समस्याओं एवं सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, उपायुक्त उद्योग एस.एस. रावत सहित समिति के सदस्य मो. अनाम, रोशन लाल उमरवैश्य, अनुराग खण्डेलवाल एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
