लखनऊ, 24 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश में बुखार से पीडि़त भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गयी। छोटेलाल वर्मा आगरा जिले के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और विधायक निर्वाचित हुए थे।
बताते हैं कि भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा की पिछले कुछ दिन से तबीयत खराब थी। इलाज के लिए उन्हें आगरा के स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें दिल्ली ले जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने नोएडा के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि विधायक छोटेलाल वर्मा पिछले दो दिन से बुखार से पीड़ित थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें राजपुर चुंगी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें दिल्ली ले गए। रास्ते में उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दाैरान विधायक ने दम तोड़ दिया।
विधायक की माैत की जानकारी मिलते ही समर्थकों में शोक की लहर दाैड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया कि जनपद आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक छोटे लाल वर्मा जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा- उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र से विधायक, छोटे लाल वर्मा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्होंने प्रदेश में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने काफ़ी काम किया है।
एक जनप्रतिनिधि के रूप में वे अपनी सक्रियता और योगदान के लिए वे सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति!
