गौरा (प्रतापगढ़), 2 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सुवंसा के चिकित्सकों ने स्वच्छता का संदेश दिया। 50 शैया युक्त संयुक्त चिकित्सालय सुवंसा बैरमपुर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई।
डॉक्टर अजीत सिंह, डॉक्टर पुनीता पांडेय, फार्मासिस्ट रंजीत यादव, स्टाफ नर्स मोहिनी शुक्ला, डेंटल हाइजीन ऋषभ पांडेय समेत सभी कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इस मौके पर अस्पताल परिसर की सफाई कर महात्मा गांधी को याद किया गया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
चिकित्सकों ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। जिसने अपने दिनचर्या और जीवन शैली में स्वच्छता को अंगीकार कर लिया वह कभी बीमार नहीं होगा। यह मंत्र महात्मा गांधी ने देश के नागरिकों को दिया है। इसे अपनाना हर नागरिक का कर्तव्य है।
आज हम जब गांधी जी को याद करते हैं तो स्वच्छता का भाव हमारे मन और मस्तिष्क को छू जाता है। आज का आधुनिक विज्ञान भी यह मानता है कि अगर बीमारियों से बचना है तो हमें जीवन में स्वच्छता के मूल मंत्र को अपनाना होगा।
