यूपी

अजय क्रांतिकारी ने नदियों किनारे आंवला गांव विकसित करने उठाई मांग

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 2, 2026
1 min read • 1.2k views
अजय क्रांतिकारी

प्रतापगढ़, 2 अक्टूबर 2026। पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी ने पर्यावरण बचाने नदियों के किनारे आंवला गांव विकसित करने की मांग उठाई है। यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड वाटर अवार्ड से सम्मानित एवं पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल को आंवला कैंडी भेंटकर नदियों के किनारे आंवला गांव विकसित करने की मांग उठाई।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के विशेष आमंत्रण पर गुरुवार 01 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित उनके आवास, सफदरजंग में आयोजित जल योद्धा संवाद कार्यक्रम में अजय क्रांतिकारी ने नदी संरक्षण, एंटी प्लास्टिक कैंपेन,पर्यावरण पुनरोद्धार तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

उन्होंने नदियों के किनारे उपयुक्त भूमि पर आंवले के पौधों का रोपण कर आंवला गांव विकसित करने का प्रस्ताव रखा। इस पहल से नदी तटों पर हरित आवरण बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर फलोत्पादन को प्रोत्साहित करने, किसानों की आय के नए अवसर सृजित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की संभावनाएं हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने प्रतापगढ़ में सकरनी नदी के पुनरोद्धार और गोखाड़ी जंगल के संरक्षण एवं पुनरोद्धार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अजय क्रांतिकारी को इन पर्यावरणीय कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2026 को अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में जनपद प्रतापगढ़ के आंवले का उल्लेख किया था। इससे प्रतापगढ़ के आंवले को व्यापक पहचान मिली और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं पर नए सिरे से ध्यान आकर्षित हुआ।

अजय क्रांतिकारी ने कहा कि आंवले की पहचान को नदी संरक्षण और हरित विकास से जोड़कर एक ऐसी पहल विकसित की जा सकती है, जिसमें प्रकृति संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने नदियों के किनारे स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल पौधरोपण, पौधों की देखभाल और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस मौके पर डॉ. करन चौधरी अपर निजी सचिव, प्रियंका, हिमांशु सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।