यूपी

प्रतापगढ़ की बेटी मोना को कांग्रेस ने सौंपी यूपी की कमान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 2, 2026
1 min read • 1.2k views
आराधना मिश्रा यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष

प्रतापगढ़, 2 अक्टूबर 2026। प्रतापगढ़ में 2 अक्टूबर 2026, गांधी-शास्त्री की जयंती ऐतिहासिक तारीख के रुप में दर्ज हो गयी। इसी तारीख को प्रतापगढ़ की बेटी आराधना मिश्रा जिन्हें लोग मोना के नाम से जानते हैं, वे रामपुर खास विधानसभा की विधायक हैं और दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं, को कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी।

उत्तर प्रदेश के राजनैतिक इतिहास में यह पहली बार है जब कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान किसी महिला विधायक को सौंपी है। वह सौभाग्य भी प्रतापगढ़ की बेटी आराधना मिश्रा मोना को मिला है। कांग्रेस के इस फैसले से प्रतापगढ़ में तो लोगों में खुशी और उत्साह है ही, पूरे प्रदेश में इसकी खुशी देखने को मिल रही है।

कांग्रेस ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है जब उत्तर प्रदेश में आगामी कुछ महीनों में ही विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। कांग्रेस हाईकमान के इस फैसले से राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ ही पार्टी ने अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की हैं। सांसद इमरान मसूद को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है, जो संगठन को धरातल पर मजबूत करने का काम करेंगे। इसके साथ ही, देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को पार्टी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुना गया है। इन सभी नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश की है।

ऐसा माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की जमीनी पकड़ को मजबूत करने और नए सिरे से चुनावी रणनीति तैयार करने के मकसद से यह बदलाव बेहद अहम साबित हो सकता है। नए नेतृत्व के सामने आगामी चुनावों से पहले संगठन में जान फूंकने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की बड़ी चुनौती होगी। इस फेरबदल के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पार्टी नए तेवर के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।