लखनऊ, 11 अक्टूबर 2026। प्रतापगढ़ के रामपुर खास सीट से विधायक आराधना मिश्रा ने 11 अक्टूबर 2026 को प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल ली। इसके पहले वह राज्य कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता की जिम्मेदारी संभाल रही थी।
लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, नेहरू भवन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र गौतम के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उन्होंने पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद उपस्थिति रहे। अब तक प्रदेश अध्यक्ष रहे अजय राय ने आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष पद का औपचारिक रूप से दायित्व हस्तांतरित किया। आराधना मिश्रा ने अजय राय के कार्यकाल में संगठन के लिए किए गए प्रयासों एवं योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करुंगी। मेरी प्राथमिकता प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं का सम्मान एवं सहभागिता सुनिश्चित करना, जिला एवं ब्लॉक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है।
संगठन की असली शक्ति हमारे समर्पित कार्यकर्ता हैं। उनके विश्वास, अनुभव और सहयोग से हम उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
