लखनऊ, 11 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा मोना के पदभार ग्रहण करने के दौरान जोरदार विवाद हो गया। यहां कांग्रेस की महिला नेता ममता चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों में जमकर जूते चले। शारदीय नवरात्र के पहले दिन आराधना मिश्रा मोना अपने समर्थकों के साथ पार्टी मुख्यालय में कार्यभार ग्रहण करने पहुंची थी। उनके साथ कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सांसद इमरान मसूद भी थे।
इसी दौरान कांग्रेस की महिला नेता ममता चौधरी और अजय राय के समर्थक भिड़ गये। कार्यकर्ताओं के साथ अजय राय कार्यालय से बाहर आ गए। इसकी जानकारी होने के बाद कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सांसद इमरान मसूद कार्यालय से बाहर आये और अजय राय को मनाकर अंदर ले गए। घटनाक्रम से अजय राय समर्थकों में भारी नाराजगी दिख रही है।
क्यों हुआ कांग्रेस मुख्यालय में विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा प्रेस कांफ्रेस में मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहीं थी। वहां पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सांसद इमरान मसूद, महिला नेता ममता चौधरी व अन्य लोग मौजूद रहे। इसी बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। अजय राय के समर्थक अजय राय जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। ममता चौधरी के समर्थकों ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर अजय राय और ममता चौधरी के समर्थक भिड़ गये।
अजय राय ने दर्ज कराई शिकायत
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इस मामले को लेकर ममता चौधरी के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सांसद इमरान मसूद और सीनियर नेता प्रमोद तिवारी से शिकायत दर्ज कराई। अजय राय ने ममता चौधरी को संगठन से बाहर का रास्ता दिखाये जाने की मांग किया।
ममता चौधरी ने रखी अपनी बात
कांग्रेस की महिला नेता ममता चौधरी ने कहा कि प्रेस कांफ्रेस के दौरान अजय राय के समर्थकों द्वारा हंगामा और नारेबाजी करना अनुचित है। मैंने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि पूरा मामला पार्टी के शीर्ष नेताओं के संज्ञान में है। हमें पूरा भरोसा है कि इस मामले में न्यायोचित कार्रवाई होगी।
