कोलकाता, 18 अक्टूबर 2026। पश्चिम बंगाल में महासप्तमी पर हुई भगदड़ की घटना ने पूरे देश को दुखी कर दिया। इस घटना में कुल 19 श्रद्धालुओं की मौत की जानकारी सामने आयी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हताहत श्रद्धालुओं के परिजनों से बात की। उन्होंने ऐलान किया है कि हमारी सरकार हर पीडि़त परिवार के साथ है। हताहत श्रद्धालुओं के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।
बता दें कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की यह घटना हुई है। मीडिया से पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, बहुत दुखद घटना है। बारिश हो रही थी। 17 लोग मृत लाए गए थे बाद में 2 और की मृत्यु हो गई। 25 घायल हैं, 24 खतरे से बाहर हैं, 1 की हालत गंभीर है। सरकार की ओर से हम काम कर रहे हैं। मुआवजे की घोषणा की गई है। मैंने 13 पीड़ित परिवारों से बातचीत की है। सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी। मृतकों को परिवारों को 25 लाख का मुआवजा और 1 सदस्य को नौकरी दी जाएगी। घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
कोलकाता पुलिस ने बताया कि चोरबगान इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से कुछ लोगों की मौत के बाद, 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस समूह में पूजा आयोजक, स्वयंसेवक और अन्य लोग शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, पूरी पारदर्शिता के साथ उचित जांच की जाएगी। पश्चिम बंगाल के मंत्री उमेश राय ने कहा, यह बेहद दुखद और दर्दनाक घटना है। महासप्तमी के मौके पर, बड़ी संख्या में लोग दुर्गा पूजा पंडाल देखने निकले थे। चोरबगान के इस पंडाल में, अचानक बारिश शुरू होने पर बहुत से लोग वहां शरण लेने के लिए आ गए। इसी अफरा-तफरी के बीच, किसी ने शायद सीटी बजाकर या कोई घोषणा करके लोगों को पंडाल के अंदर जाने के लिए प्रेरित किया। पंडाल में अचानक लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे भगदड़ मच गई। यह एक बहुत दुखद घटना है।
