छत्तीसगढ़

सालेम इंग्लिश स्कूल ने शुरू किया सुरक्षित बचपन अभियान, बच्चों को किया जागरूक, बताए सतर्कता के तरीके

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 31, 2026
1 min read • 1.2k views
सालेम इंग्लिश स्कूल ने शुरू किया सुरक्षित बचपन अभियान

रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। सालेम इंग्लिश स्कूल ने सुरक्षित बचपन अभियान शुरू किया है। इसके तहत बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 31 अक्टूबर को सालेम इंग्लिश स्कूल के ऑडिटोरियम में सुरक्षित बचपन अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित कुमार राठौर उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला न्यायाधीश अजय कुमार खाखा, पुलिस विभाग के बाल कल्याण अधिकारी, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के पुरुषोत्तम चंद्राकर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरालीगल वॉलेंटियर श्रीमती लोमिन साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सरल भाषा में गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया गया। उन्हें बताया गया कि स्कूल, घर या बाहर किसी भी स्थान पर यदि कोई व्यक्ति उन्हें असहज महसूस कराता है, तो ऐसी स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को तत्काल जानकारी देनी चाहिए।

बच्चों को अनजान और संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए। इसके साथ ही साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए कंप्यूटर, मोबाइल, इंटरनेट और डिजिटल नेटवर्क का उपयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में समझाया गया। उन्हें ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान किसी भी संदिग्ध संपर्क या अनुचित गतिविधि से बचने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में स्कूल की शिक्षिकाओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति रही। स्कूल की प्राचार्या श्रीमती रूपिका लॉरेंस के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर सीजी बोर्ड की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती के.के. सिंह भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती महिमा पॉल ने किया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।